*देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा पत्रकार जितेंद्र सिंह को किया गया सम्मानित* जब-जब समाज को असली नायकों की जरूरत होती है, वे किसी बड़े पर्दे से नहीं, बल्कि हमारे बीच से निकल कर आते हैं। सिवनी के स्वतंत्र पत्रकार जितेंद्र सिंह ऐसे ही एक 'रियल हीरो' हैं, जिन्होंने अपनी कलम और कर्म दोनों से ही मानवता की एक नई परिभाषा लिखी है। सिवनी जिला प्रशासन द्वारा स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन द्वारा पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन की गरिमामई उपस्थिति में स्वतंत्र पत्रकार जितेंद्र सिंह को पत्रकारिता, मानव सेवा, सामाजिक कार्य, त्वरित मदद, जनहितैषी आदि सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सिर्फ एक सम्मान नहीं बल्कि उन हजारों लोगों की भावनाओं का प्रतीक था जिनकी जिंदगी पर उनके निस्वार्थ कार्यों की छाप है। बीते दिनों जब जिला न्यायालय में एक बुजुर्ग बाबू को अचानक दिल का दौरा पड़ा था चारों ओर लोग थे, पर समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें। उस समय स्वयं अस्वस्थ होते हुए भी पत्रकार जितेंद्र सिंह देवदूत बनकर आए। बिना एक पल गवाएं, उन्होंने अपनी गाड़ी से हृदयघात रोगी को अस्पताल पहुंचाया। उनकी तत्परता ने मौत और जिंदगी के बीच के अंतर को खत्म कर दिया। यह सिर्फ एक व्यक्ति की जान नहीं थी, बल्कि एक परिवार का सहारा था। इस घटना ने साबित कर दिया कि एक सच्चा इंसान होने के लिए सिर्फ दिल का होना ही काफी नहीं, बल्कि उसमें मानवता और साहस भी होना चाहिए। जितेंद्र सिंह का नाम पत्रकारिता के साथ-साथ सेवा, समर्पण और इंसानियत भी है। वे कई वर्षों से रक्तदान की अलख जगा रहे हैं, जिससे कई जिंदगियां बची हैं। कोरोना महामारी के समय जब दुनिया घरों में सिमट गई थी, तब पत्रकार जितेंद्र सिंह और उनका परिवार, बेघर और भूखे लोगों को खाना और कपड़े दे रहे थे। उनका कार्य यह दिखाता है कि उनके लिए सेवा कोई मजबूरी नहीं, बल्कि उनका स्वभाव है। जितेंद्र सिंह का सम्मान सिर्फ एक पत्रकार का सम्मान नहीं है, बल्कि यह उन सभी लोगों का सम्मान है जो निस्वार्थ भाव से समाज के लिए कुछ करते हैं। उनका काम हमें सिखाता है कि खबरों को बनाना ही नहीं, बल्कि मानवता को जगाना भी पत्रकारिता का धर्म है। सिवनी जिले के हर नागरिक के दिल में उनके लिए सम्मान और प्यार है। वे सच्चे अर्थों में जनता के पत्रकार और मानवता के नायक हैं।
(लखन ब्रम्हे की रिपोर्ट)
