सिवनी में पत्रकार पर जानलेवा हमले का खुलासा: ₹25 हजार की सुपारी लेकर हमला करने वाला शातिर शूटर और 01 नाबालिग गिरफ्तार
सिवनी (मध्य प्रदेश): जिला सिवनी के कोतवाली थाना क्षेत्र में 'महाकौशल एक्सप्रेस' के संपादक शमीम खान पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने 25 हजार रुपये की सुपारी लेकर हमला करने वाले शातिर अपराधी कान्हा उर्फ बिट्टू बैरागी और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
संपादक शमीम खान ने 4 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे जब वे अपने बेटे को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे, तब बड़ी ज्यारत नाका के पास स्कूटी सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोका, गाली-गलौज की और धारदार चाकू से पेट में वार कर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
25 हजार में ली थी हमले की सुपारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर कृष्णा उर्फ कान्हा उर्फ बिट्टू बैरागी (24 वर्ष) और 16 वर्षीय एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ₹25,000 की सुपारी लेकर पत्रकार पर यह हमला किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई एक्सेस स्कूटी (MP22 ZC 0140) और 01 धारदार चाकू जब्त किया है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
मुख्य आरोपी कान्हा बैरागी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पूर्व से चोरी और मारपीट के 10 मामले दर्ज हैं। वह इससे पहले 2024 में गुंडा बदमाश मयूर दुबे के इशारे पर लाठी-डंडों से मारपीट की घटना को भी अंजाम दे चुका है। वहीं, मामले में पकड़े गए नाबालिग पर भी पहले से 2 मामले दर्ज हैं।
न्यायालयीन कार्रवाई व सुपारी देने वाले की तलाश
पुलिस ने आरोपी कान्हा बैरागी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह (सुधारालय) भेजा गया है। पुलिस अब उस मुख्य साजिशकर्ता की तलाश में जुटी है जिसने संपादक पर हमला कराने के लिए यह सुपारी दी थी।
#SeoniPolice #MadhyaPradeshPolice #SeoniNews #CrimeNews #BreakingNews #PressRelease #SeoniCrime #MPPolice Action #JournalistSafety
