गुरुकुल पब्लिक स्कूल बरघाट में 'कौशल विकास यात्रा 2026' संपन्न; विद्यार्थियों ने नाटक व नृत्य के जरिए सीखी ए.आई. की उपयोगिता

गुरुकुल पब्लिक स्कूल बरघाट में संपन्न हुई 'कौशल विकास यात्रा 2026'; नाटक व नृत्य के जरिए विद्यार्थियों ने समझी ए.आई. की उपयोगिता 


सिवनी / बरघाट: ‘समर्थ भारत, सक्षम भारत अभियान’ के अंतर्गत रविन्द्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के तत्वावधान में संचालित 'कौशल विकास यात्रा 2026' का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन स्थानीय गुरुकुल पब्लिक स्कूल, बरघाट में किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.), कौशल आधारित शिक्षा और आधुनिक युग में करियर निर्माण के नवीन अवसरों से रूबरू कराना था। 

 नाटक और नृत्य के माध्यम से सजी ए.आई. की कक्षा कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत रचनात्मक और अनूठे अंदाज में हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक नाटक और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाें के माध्यम से दैनिक जीवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका, उसके सकारात्मक प्रभावों और भविष्य की संभावनाओं को बेहद रोचक ढंग से दर्शाया। बच्चों की इस शानदार प्रस्तुति ने वहां मौजूद सभी अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। 

 शिक्षा जगत के दिग्गजों की रही गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम में शिक्षा, तकनीक और कौशल विकास क्षेत्र के कई जाने-माने विशेषज्ञ और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों में निशांत श्रीवास्तव (स्टेट कोऑर्डिनेटर, आईसेक्ट, भोपाल), सचिन पाठक (रीजनल ऑफिसर, जबलपुर), नरेश सिंह राजपूत (संचालक, गुरुकुल पब्लिक स्कूल एवं जिला संयोजक), यचेंद्र राहंगडाले (जिला समन्वयक, आईसेक्ट), प्रो. सी.एस. जाटव (शासकीय महाविद्यालय), एलेन मेकनिस (प्राचार्य, आई.टी.आई.), डेनिस अर्जुनवार (शिक्षक, आई.टी.आई.), श्रीमती शशिकला साहू (प्राचार्य, शासकीय कन्या विद्यालय), अमित साहू, श्रीमती कविता बनवाले (हेड ऑफ डिपार्टमेंट, एच.आर. इंस्टीट्यूट), वीरेंद्र बोपचे (अकाउंटेंट), नितेश गौतम (प्राचार्य, गुरुकुल पब्लिक स्कूल), तथा श्रीमती नाहिद खान (प्रधानाचार्य) सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। 'ए.आई. भविष्य की प्रगति का सशक्त माध्यम' अतिथियों ने अपने उद्बोधन में तकनीक के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डाला।


 स्टेट कोऑर्डिनेटर निशांत श्रीवास्तव ने कहा कि "ए.आई. केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि दैनिक जीवन को सरल बनाने, कठिन कार्यों को सुगम करने, कौशल विकसित करने तथा शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसरों तक पहुँचने का एक प्रभावी माध्यम है।" 

 श्रीमती शशिकला साहू ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करें और अपने कौशल को निखारकर 'विकसित भारत' के निर्माण में अपना योगदान दें। संचालक नरेश सिंह राजपूत ने व्यक्त किया आभार कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के संचालक एवं जिला संयोजक श्री नरेश सिंह राजपूत ने सभी अतिथियों के बहुमूल्य समय और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा, "ए.आई. के सही उपयोग से विद्यार्थी उच्च शिक्षा, नवाचार और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं तथा देश को 'विश्व गुरु' बनाने के संकल्प में अपनी अहम सहभागिता निभा सकते हैं।" यह आयोजन विद्यार्थियों में तकनीकी जागरूकता, कौशल विकास और एक उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में बेहद प्रेरणादायक और मील का पत्थर साबित हुआ।

(बरघाट से)संजीव चौहान की रिपोर्ट 

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form