
सिवनी के बुढ़ेनाखुर्द में मनरेगा घोटाला: 15 एकड़ जमीन और गाड़ियों के मालिक कागजों में बने 'मजदूर', सरपंच पति ने अपनी ही पत्नी का भरा मस्टर रोल!
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के बरघाट विकासखंड अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बुढ़ेनाखुर्द में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिस योजना की शुरुआत ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब और भूमिहीन मजदूरों को रोजगार और दो वक्त की रोटी देने के लिए की गई थी, उसे रसूखदारों द्वारा फर्जी मस्टर रोल के जरिए अवैध कमाई का जरिया बना लिया गया है।
संपन्न परिवार बना 'कागजी मजदूर'
ताजा खुलासे के अनुसार, जिन परिवारों के पास 15 एकड़ से अधिक उपजाऊ कृषि भूमि, निजी वाहन और तमाम आधुनिक सुख-सुविधाएं मौजूद हैं, वे सरकारी रिकॉर्ड में 'दिहाड़ी मजदूर' के रूप में दर्ज हैं। सत्ता और पद के रसूख का दुरुपयोग करते हुए सरपंच पति उमाशंकर टेमरे ने अपनी दूसरी पत्नी दुर्गेश टेमरे का नाम मनरेगा पोर्टल पर मजदूर के रूप में दर्ज कराकर सरकारी बजट का गबन किया है।
प्रशासनिक उदासीनता या मिलीभगत?
ग्राम पंचायत में खुलेआम हो रहे इस भ्रष्टाचार के बावजूद जनपद पंचायत व जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि:
* योजना के असली हकदार (गरीब मजदूर) काम के लिए भटक रहे हैं।
* समृद्ध लोग पंचायत की मिलीभगत से घर बैठे सरकारी खजाने को चूना लगा रहे हैं।
* बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बाद भी अधिकारियों की सुस्ती कई सवाल खड़े करती है।
कार्रवाई का इंतजार
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी सरपंच परिवार और इसमें शामिल अधिकारियों/कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी महज़ कागज़ी जांच की भेंट चढ़ जाएगा?