पेंच टाइगर रिजर्व में अवैध मत्स्याखेट पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1044 किलो से अधिक मछली और वाहन जब्त; एक आरोपी जेल भेजा गया
सिवनी: पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध मत्स्याखेट और उसके अवैध परिवहन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। सिवनी पुलिस के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में वन विभाग ने 1044.700 किलोग्राम (10 क्विंटल से अधिक) अवैध मछलियों से लदी एक टवेरा गाड़ी को जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
ऐसे हुई पूरी कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को पेंच टाइगर रिजर्व की कोर कर्माझिरी गश्ती टीम को पेंच जलाशय में 30-40 नावों और संदिग्ध मछुआरों की आवाजाही दिखी। अधिकारियों के निर्देश पर कर्माझिरी, रूखड़ और कुरई वन परिक्षेत्र की तीन विशेष टीमें गठित कर गुमतरा-सिवनी मार्ग की घेराबंदी की गई।
संदिग्ध वाहन (MH 02 AU 7721) की सूचना मिलने पर पुलिस के सहयोग से उसे सिवनी के बारापत्थर क्षेत्र में रोका गया। तलाशी में वाहन से 26 कैरेट, 2 बड़े थैले और 1 बोरे में कुल 1044.700 किलो मछली बरामद हुई।
वैधानिक कार्रवाई और गिरफ्तारी
* गिरफ्तार आरोपी: संजय टेकाम (निवासी ग्राम गुमतरा, जिला छिंदवाड़ा)।
* मामला दर्ज: वन अपराध प्रकरण क्रमांक 8884/19, दिनांक 16.08.2026।
* न्यायिक स्थिति: आरोपी को 17 अगस्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
* जांच जारी: मौके से फरार 3 आरोपियों और अवैध मत्स्याखेट नेटवर्क की तलाश जारी है।
अवैध मत्स्याखेट पर लगातार कड़ा प्रहार
पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बताया कि रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए चलाए जा रहे अभियानों ('ऑपरेशन वाइल्ड ट्रैप' आदि) के तहत अब तक:
* 461 नावें और 28,039 जाल जब्त कर नष्ट किए जा चुके हैं।
* अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त 25 वाहन जब्त किए गए, जिनमें से 24 वाहन राजसात हो चुके हैं।
* अब तक दर्ज 57 प्रकरणों में 111 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है, जिनमें से 9 मामलों में 27 आरोपियों को सजा भी सुनाई जा चुकी है।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि संरक्षित क्षेत्र में गश्ती, मुखबिर तंत्र और अंतर्राज्यीय समन्वय के माध्यम से अवैध मत्स्याखेट के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।