बरघाट: श्मशान घाट मार्ग पर शराबियों का कब्जा, बदहाल व जर्जर सड़क पर फैली गंदगी से राहगीर परेशान
बरघाट। नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले श्मशान घाट मार्ग की स्थिति इन दिनों बद से बदतर हो चुकी है। शाम ढलते ही इस मार्ग पर शराब पीने वालों का जमावड़ा लग जाता है, जो खुलेआम मदिरापान कर खाली पाउच, डिस्पोजल गिलास और चखना फेंककर गंदगी फैलाते हैं। हालांकि, नगर परिषद के सफाई कर्मचारी सड़क की सफाई में जुटे रहते हैं, लेकिन शराबियों की इस करतूत से पवित्र स्थान का माहौल दूषित हो रहा है।
इसके अलावा, यह पूरा मार्ग अत्यधिक जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुका है। जगह-जगह से तिड़क चुकी इस सड़क की दरारों में कचरा जमा हो गया है और उस पर घास-फूस व हरियाली उग आई है, जिससे सड़क का अस्तित्व ही संकट में दिखाई दे रहा है। बदहाल सड़क और उस पर बिखरे शराब के पाउच व कचरे के कारण यहां से गुजरने वाले आम नागरिकों और श्रद्धांजलि देने आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और शाम के समय पुलिस गश्त बढ़ाकर शराबियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
#Barghat #CivicIssues #Administration #SmarshanGhat #SeoniNews #PublicGrievance
